जयप्रकाश बहुगुणा
*उत्तरकाशी*
सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तरकाशी पुलिस द्वारा जनपदभर में लगातार सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
गुरुवार को निरीक्षक यातायात सुनील कुमार के नेतृत्व में यातायात पुलिस उत्तरकाशी की टीम द्वारा जनपद मुख्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान ओवरस्पीड, बिना हेलमेट, तीन सवारी सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 17 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई।
चेकिंग अभियान के दौरान तांबाखानी के पास वाहन संख्या यू के 10टी ए 0042(बुलेरों) के चालक का एल्कोमीटर से परीक्षण किया गया। परीक्षण में चालक के शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि होने पर यातायात पुलिस द्वारा चालक को गिरफ्तार कर वाहन को सीज कर दिया गया। वहीं, वाहन में सवार अन्य लोगों को सुरक्षित रूप से दूसरे वाहन के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
