उत्तराखंड Express ब्यूरो
अल्मोड़ा
सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान (राजकीय मेडिकल कॉलेज), अल्मोड़ा में ‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ संकल्प के तहत क्षय रोग का उपचार प्राप्त कर रहे 6 नए लाभार्थियों को निःशुल्क पोषक आहार किट वितरित की गई। यह पुनीत पहल उत्तराखंड शतरुद्र ट्रस्ट, देहरादून के सौजन्य से की गई।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने जोर देते हुए कहा कि क्षय रोग से पूर्णतः स्वस्थ होने के लिए नियमित दवाइयों के सेवन के साथ-साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार बेहद आवश्यक है। पोषण की पर्याप्त उपलब्धता से मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है और वे शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करते हैं। इसी उद्देश्य से ट्रस्ट द्वारा मरीजों को आवश्यक पोषण सामग्री के पैकेट प्रदान किए गए।
इस अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा के प्राचार्य प्रो० गोविंद सिंह तित्याल, टीबी एवं श्वास रोग विभागाध्यक्ष डॉ० दिनेश चंद्र पुनेरा, डॉ बरनाली मंडल,मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ० अशोक कुमार तथा बाल रोग विभाग के डॉ० अमित कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। साथ ही टीबी हेल्थ विजिटर आचार्य नागेन्द्र प्रसाद जोशी एवं मेडिकल सोशल वेलफेयर ऑफिसर हेम बहुगुणा भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों व चिकित्सकों ने शतरुद्र ट्रस्ट के इस जनहितैषी प्रयास की सराहना की।
