उत्तराखंड Express ब्यूरो
*बड़कोट/उत्तरकाशी*
नगर पालिका परिषद बड़कोट में सोमवार को पीएम स्वनिधि महोत्सव एवं लोक कल्याण मेले का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल एवं सिटी मैनेजर द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। मेले का उद्देश्य रेहड़ी-पटरी एवं छोटे व्यापारियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाना रहा।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत उपलब्ध क्रेडिट ऋण, डिजिटल लेन-देन, वित्तीय साक्षरता तथा अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने रेहड़ी-पटरी व्यापारियों से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। वहीं सिटी मैनेजर ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
मेले में लाभार्थियों के पंजीकरण, ऋण संबंधी जानकारी तथा डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए विशेष शिविर भी लगाए गए। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।