जयप्रकाश बहुगुणा
*चिन्यालीसौड़/मोरी/उत्तरकाशी*
अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न थाना एवं कोतवाली क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं तीर्थयात्रियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया।थाना मोरी पुलिस द्वारा किरौली तप्पड़ में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों एवं स्थानीय युवाओं को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम एवं खेलकूद को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को नशा विरोधी शपथ भी दिलाई गई।
कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस द्वारा विश्वनाथ मंदिर प्रांगण में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागिता का आह्वान किया गया।
कोतवाली मनेरी पुलिस ने पर्यटक चौकी हिना पर तीर्थयात्रियों को नशे के विरुद्ध जागरूक करते हुए नशा उन्मूलन की शपथ दिलाई।इसी क्रम में कोतवाली धरासू पुलिस द्वारा चिन्यालीसौड़ पीपल मंडी में आयोजित जनजागरूकता कार्यक्रम में स्थानीय लोगों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए “नशे को ना, स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन को हाँ” का संदेश दिया गया।अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा नशा उन्मूलन एवं एंटी ड्रग्स हेल्पलाइन से संबंधित जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए तथा लोगों को नशे के विरुद्ध सजग एवं जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।
उत्तरकाशी पुलिस का संदेश:
“नशे से दूरी ही सुरक्षित, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी गारंटी है। आइए, नशामुक्त उत्तरकाशी और नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।