*सीवर लाईन की समस्या को लेकर चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण महासंघ ने सीएमओ और प्रमुख अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*उत्तरकाशी*

जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में निर्माणाधीन 50 बेड के क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) के समीप स्थित राजकीय आवासों की सीवर लाइन और नाली क्षतिग्रस्त होने से परेशानी झेल रहे हैं। सीवर निकासी बाधित होने के कारण आवासीय परिसर में गंदगी और दुर्गंध का माहौल बना हुआ है।

समस्या को लेकर चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण महासंघ के अध्यक्ष एवं सचिव ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी उत्तरकाशी डॉ श्याम विजय सिंह तथा प्रमुख अधीक्षक जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी डॉ बी एस रावत को ज्ञापन सौंपा। महासंघ ने निर्माण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सीवर लाइन एवं नाली को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया कि सीसीयू निर्माण के निकट स्थित राजकीय आवासों में आठ परिवार निवासरत हैं। निर्माण कार्य के चलते आवासों की सीवर लाइन एवं नाली क्षतिग्रस्त होने से गंदे पानी की निकासी प्रभावित हो गई है। इससे आसपास गंदगी जमा होने के साथ लगातार दुर्गंध फैल रही है। कर्मचारियों और उनके परिजनों को नारकीय स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।

महासंघ के अध्यक्ष जोगेन्दर सिंह पड़ियार ने कहा कि अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी दिन-रात मरीजों की सेवा में जुटे रहते हैं, ऐसे में उनके आवासीय परिसर में स्वच्छता और जल निकासी की व्यवस्था का इस तरह प्रभावित होना गंभीर विषय है। यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो गंदगी के कारण संक्रमण एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।

गिरीश उनियाल महासचिव ने कहा कि सीवर लाइन एवं नाली की स्थायी मरम्मत कराने तथा तत्काल वैकल्पिक निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। महासंघ ने उम्मीद जताई कि कर्मचारियों एवं उनके परिवारों की समस्या को देखते हुए संबंधित विभाग जल्द कार्रवाई करेगा। इस मौके पर मनोज नौटियाल, श्रीमती रमा चौहान, श्रीमती मीना राणा , आकाश, अंकित चौहान आदि पीड़ित कर्मचारी मौजूद रहे!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *