*उत्तरकाशी : सऊदी अरब में फंसे इंद्रमणि नौटियाल के परिवार को जिप सदस्य प्रियंका रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्रामीणों ने दी आर्थिक सहायता*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*उत्तरकाशी*

न्यूगांव गाजणा क्षेत्र के गोरसाड़ा गांव पहुंचकर जिला पंचायत सदस्य प्रियंका रावत ने सऊदी अरब में लंबे समय से फंसे इंद्रमणि नौटियाल के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार की स्थिति की जानकारी लेते हुए इंद्रमणि नौटियाल की स्वदेश वापसी के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
प्रियंका रावत ने बताया कि इंद्रमणि नौटियाल की स्वदेश वापसी के लिए क्षेत्र, जनपद और प्रदेशभर से लोग लगातार सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भी उनके प्रतिनिधि द्वारा परिवार से कई बार मुलाकात कर जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर मदद की मांग की गई थी।
इस दौरान प्रियंका रावत ने व्यक्तिगत स्तर पर 31 हजार रुपये की आर्थिक सहायता इंद्रमणि नौटियाल की बेटी दीपिका नौटियाल को प्रदान की। वहीं, उनकी ग्राम पंचायत उडरी के ग्रामीणों की ओर से एकत्रित 53 हजार 500 रुपये की धनराशि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रताप सिंह पंवार और क्षेत्र पंचायत सदस्य राजपाल पंवार ने दीपिका नौटियाल को सौंपे।
प्रियंका रावत ने कहा कि इंद्रमणि नौटियाल का परिवार कठिन दौर से गुजर रहा है। ऐसे समय में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार परिवार का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड के लोगों से भी इंद्रमणि नौटियाल की स्वदेश वापसी के प्रयासों में सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर पूर्व क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि त्रिलोक रावत, शीशपाल रावत, रमेश रावत, भीम पहाड़ी, कुलदीप पंवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *