जयप्रकाश बहुगुणा
*नौगांव /उत्तरकाशी*
हिमालय के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता का संदेश देते हुए राजकीय इंटर कॉलेज कण्डारी, नौगांव उत्तरकाशी में “हिमालय दिवस” के अवसर पर हिमालय बचाओ प्रतिज्ञा एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय परिवार ने हिमालय की प्राकृतिक संपदा, जलस्रोतों और पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 12 की छात्रा रिया ने समस्त विद्यालय परिवार को हिमालय प्रतिज्ञा दिलाई।
इसके उपरांत कक्षा 11 की छात्रा पूजा गौड़ ने सामान्य ज्ञान गतिविधि के अंतर्गत हिमालय से जुड़े रोचक एवं ज्ञानवर्धक प्रश्न पूछकर विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की।
आज़ाद सदन के टोली नायक ध्रुव नौटियाल ने हिमालय दिवस के महत्व, हिमालयी पर्यावरण, जलस्रोतों तथा हिमालय के संरक्षण की आवश्यकता पर प्रभावशाली ढंग से प्रकाश डाला। अपने संबोधन का समापन करते हुए उन्होंने कहा—
“हिमालय रहेगा तो नदियां रहेंगी। नदियां रहेंगी तो जीवन रहेगा और तभी हमारा भविष्य भी सुरक्षित रह पाएगा..!”
आज़ाद सदन प्रभारी शिक्षक सुरक्षा रावत के नेतृत्व में सफल कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं ज़िम्मेदारी के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की और हिमालय संरक्षण को अपने जीवन एवं व्यवहार का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य इंद्र सिंह नेगी ने आयोजन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों एवं आयोजन से जुड़े सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हिमालय केवल पर्वत श्रृंखला नहीं, बल्कि हमारी नदियों, जैव-विविधता और जीवन का आधार है; इसलिए इसके संरक्षण की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है। इस अवसर पर समस्त परिवार उपस्थित रहा।