पुलिस ने मोरी में 431 ग्राम चरस के साथ दो को पकड़ा, चेकिंग के दौरान कार से बरामद हुआ चरस
मोरी (उत्तरकाशी)। मोरी पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हरियाणा निवासी दो लोगों को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 431 ग्राम चरस बरामद करने का दावा किया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात मोरी-सांकरी मोटर मार्ग पर नेटवाड़ के निकट कुनारा तिराहे पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान हरियाणा नंबर की किआ सोनेट कार (HR 06 7706) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में 431 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने कार सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश (41) पुत्र महावीर, निवासी चौपाल पानीपत, हरियाणा और सोनू शर्मा (41) पुत्र कृष्ण शर्मा, निवासी गांधी कॉलोनी, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
थानाध्यक्ष दीपक रावत ने बताया कि नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
