जयप्रकाश बहुगुणा
*उत्तरकाशी*
जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने बताया कि यमुना वैली के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कार्यवाही गतिमान है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में जिला योजना के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कोट में अल्ट्रासाउंड मशीनों की स्थापना हेतु धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। स्वीकृति के उपरांत दोनों चिकित्सालयों के लिए अल्ट्रासाउंड मशीनों के क्रय की प्रक्रिया गतिमान है। मशीनों की खरीद के उपरांत इन्हें संबंधित चिकित्सालयों में स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन दोनों चिकित्सालयों में अल्ट्रासाउंड मशीनों की स्थापना होने के बाद यमुना वैली के चारों प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों—सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कोट, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव एवं उप जिला चिकित्सालय पुरोला में अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में उप जिला चिकित्सालय पुरोला एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव में अल्ट्रासाउंड सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं तथा स्थानीय लोगों को इनका लाभ मिल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग इस पहल से यमुना वैली के दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी। विशेषकर गर्भवती महिलाओं सहित अन्य जरूरतमंद मरीजों को स्थानीय स्तर पर जांच की सुविधा मिलने से समय एवं धन की बचत होगी तथा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और सुदृढ़ होगी।
