उत्तराखंड Express ब्यूरो
कर्णप्रयाग/चमोली
डॉ शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग में बुधवार 6 मई 2026 को देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को स्वरोजगार, स्टार्टअप एवं उद्यमिता के प्रति जागरूक करना तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम में देवभूमि उद्यमिता योजना के प्रोजेक्ट मैनेजर चमोली विनोद नेगी ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन व व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को योजना के विभिन्न आयामों, स्टार्टअप स्थापना, वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को स्थानीय संसाधनों एवं पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक उद्यम से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोo राम अवतार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि नई शिक्षा नीति में कौशल विकास और उद्यमिता को विशेष महत्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित न रहे, बल्कि अपने ज्ञान, नवाचार और रचनात्मक सोच के माध्यम से स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से पहाड़ की स्थानीय संस्कृति, कृषि, पर्यटन एवं हस्तशिल्प आधारित उद्यमों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर देवभूमि उद्यमिता योजना के नोडल अधिकारी डॉ. हरीश बहुगुणा ने कहा कि उत्तराखंड में स्वरोजगार एवं स्टार्टअप की अपार संभावनाएं हैं। यदि युवा सही मार्गदर्शन, तकनीकी ज्ञान और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें तो वे न केवल आत्मनिर्भर बन सकते हैं, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को योजना का लाभ लेकर उद्यमिता की दिशा में सकारात्मक पहल करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं ने देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत अपना पंजीकरण कराया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. हरीश बहुगुणा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर देवभूमि उद्यमिता योजना समिति के सदस्य डॉ.कीर्तिराम डंगवाल, डॉ. कमल किशोर द्विवेदी, डॉ. हिना नौटियाल व एनसीसी प्रभारी डॉ. नरेंद्र पंघाल सहित महाविद्यालय के अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।