जयप्रकाश बहुगुणा
उत्तरकाशी
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों पर वर्तमान राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज दिनांक 23 मार्च 2026 को जनपद स्तर पर “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” थीम पर आधारित भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिला मुख्यालय ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे से होगा। जिसमें स्कूली बच्चों एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रदेश की समृद्ध विरासत को दर्शाते हुए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
दोपहर 12:30 बजे देहरादून में आयोजित मुख्य राज्य स्तरीय समारोह से माननीय मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण किया जाएगा जिसे ऑडिटोरियम हॉल में उपस्थित सभी आगंतुकों को बड़ी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया जाएगा।
इस दौरान सरकार की पिछले चार वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों, इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास, पर्यटन और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए गए कार्यों पर केंद्रित लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागीय स्टॉल्स भी लगाए जाएंगे जहाँ शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी आवश्यक एवं त्रुटिरहित व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने और विभागीय स्टॉल्स के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का त्वरित और मौके पर ही लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।