*महाविद्यालय बड़कोट में देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत एक दिवसीय अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*बड़कोट /उत्तरकाशी*

राजकीय महाविद्यालय बड़कोट में देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग एवं भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान , अहमदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को उद्यमिता, स्वरोजगार एवं स्टार्टअप के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार के उद्बोधन से हुआ। उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के बदलते समय में केवल रोजगार प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को रोजगार सृजक बनने की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि कौशल विकास एवं उद्यमिता युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ देश की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम की मुख्य प्रशिक्षक सपना नेगी, प्रोजेक्ट ऑफिसर, देवभूमि उद्यमिता योजना, देहरादून केंद्र रहीं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को देवभूमि उद्यमिता योजना के उद्देश्यों, लाभों एवं संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने राज्य में संचालित विभिन्न स्टार्टअप एवं उद्यमिता गतिविधियों के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों को अपने रुचि एवं कौशल के अनुरूप उद्यम शुरू करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. अंजू भट्ट, कोऑर्डिनेटर, देवभूमि उद्यमिता योजना ने कार्यक्रम के आयोजन एवं समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विद्यार्थियों को योजना के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न अवसरों का लाभ उठाने तथा उद्यमिता संबंधी गतिविधियों में सक्रिय रूप से प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर डॉ. रश्मि उनियाल, डॉ. पूजा रावत, डॉ. प्रशना मिश्रा, आशीष नौटियाल एवं डॉ. पुष्पेंद्र सेमवाल ने कार्यक्रम के आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
मुख्य प्रशिक्षक द्वारा छात्र-छात्राओं की उद्यमिता संबंधी रुचि एवं समझ का आकलन करने के लिए एक टेस्ट भी आयोजित किया गया। साथ ही, पीपीटी के माध्यम से उद्यमिता की अवधारणा, व्यवसायिक अवसरों तथा सफल उद्यम स्थापित करने की प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को यह भी बताया गया कि देवभूमि उद्यमिता योजना के माध्यम से वे अपने विचारों को व्यावसायिक रूप प्रदान कर सकते हैं तथा आवश्यक प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं अन्य उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर अपना भविष्य उज्ज्वल बना सकते हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को देवभूमि उद्यमिता योजना, देहरादून केंद्र एवं भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII), अहमदाबाद की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं छात्र-छात्राओं को निरंतर परिश्रम, कौशल विकास और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए किया गया।कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा देवभूमि उद्यमिता योजना से जुड़कर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने में अपनी रुचि व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *