
जयप्रकाश बहुगुणा
नौगांव /उत्तरकाशी
राजकीय इंटर कॉलेज कण्डारी में मंगलवार को नवीन शिक्षण सत्र 2026-27 के उपलक्ष्य में *’प्रवेशोत्सव’* का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय में नए प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं का पुष्प- गुच्छ और मालाओं से उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री नरेश रावत ने नवागंतुक छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए, शिक्षकों से परिचय कराया। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और उन्हें हर संभव शैक्षिक व अन्य आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
*”सेल्फी प्वाइंट” रहा आकर्षण का केंद्र:*
कार्यक्रम के संयोजक कला शिक्षक सुरक्षा रावत ने आयोजन को यादगार बनाने के लिए बच्चों के सहयोग से *”सेल्फी प्वाइंट”* तैयार किया, जहाँ नए बच्चों के साथ स्मृति चित्र लिए गए। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर नया सीखने की प्रेरणा दी।
*इन बच्चों का हुआ नामांकन:*
नवीन सत्र में कक्षा-6 में अक्षित, हर्ष, प्रिया, शिवांश, दिव्या और लवंश, कक्षा-7 में अंशुल तथा कक्षा-9 में अंशिका ने प्रवेश लिया। स्कूल के पुराने छात्रों ने भी अपने नए साथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक अनिल बहुगुणा, राजेश शोकटा, प्रकाश भंडारी, नितेश चौहान, दीवान सिंह नेगी, राजेश, इंदर सिंह नेगी, दीपिका जैन, कुसुम रावत, बिशंबर नौटियाल, सुरक्षा रावत, श्रीप्रकाश नौटियाल, देवी सिंह रांगड सहित विद्यालय के सभी छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे।
*सत्र की पहली खास बैठक:*
अंत में इस सत्र की पहली बैठक का भी आयोजन किया गया। जिसमें नवीन समय सारणी, वार्षिक पंचांग, विभिन्न प्रभार और विद्यालय के चौमुखी विकास हेतु विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। सभी के सुझाव एवं सहयोग की आकांक्षा के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।