जयप्रकाश बहुगुणा
*मोरी /उत्तरकाशी*
जनपद के सीमांत विकासखंड मोरी के अंतर्गत भालू ने हमला कर एक 24 वर्षीय युवक को घायल कर दिया, घटना वाले क्षेत्र में सड़कमार्ग अवरुद्ध होने के कारण घायल युवक को ग्रामीणों द्वारा डंडी -कंडी के सहारे अस्पताल पहुंचाया गया है!ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मोरी विकासखंड के ग्राम पंचायत फिताड़ी निवासी 24 वर्षीय अनुरोध राणा पुत्र सिलदार सिंह राणा शुक्रवार सुबह बगीचे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बोसनी नामक तोक में अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। ग्राम प्रधान कृष्णा राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र का सड़क मार्ग बंद होने के कारण घायल युवक को डंडी -कंडी के सहारे अस्पताल तक पहुंचाना पड़ा। सड़क बंद होने से आपात स्थिति में ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। भालू के हमले की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा भालू से सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।