*उत्तरकाशी : राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों ने नव नियुक्त सीएमओ से भेंट कर किया अभिनन्दन*

 

जयप्रकाश बहुगुणा

*उत्तरकाशी*

जनपद उत्तरकाशी में नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय से आज राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संगठन, उत्तरकाशी के पदाधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट कर उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर संगठन की ओर से उन्हें नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएँ देते हुए जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं के सफल संचालन हेतु मंगलकामनाएँ व्यक्त की गईं।

इस अवसर पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राम संजीवन नौटियाल, जिला संरक्षक हरदेव राणा, जिला महासचिव अनिल बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष (महिला) श्रीमती सोनिया बिष्ट, जिला प्रवक्ता हरिशंकर नौटियाल तथा जिला मुख्यालय से राकेश उनियाल, मनोज भट्ट, ज्ञानेंद्र पंवार, गिरीश व्यास सहित अन्य एनएचएम कार्मिक उपस्थित रहे।

शिष्टाचार भेंट के दौरान संगठन एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी के मध्य जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं जनोन्मुखी बनाने के विभिन्न विषयों पर सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण चर्चा हुई। जिला महासचिव अनिल बिष्ट ने संगठन की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी महोदय को आश्वस्त किया कि जनपद के समस्त एनएचएम कार्मिक स्वास्थ्य विभाग के अभिन्न अंग के रूप में सदैव पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं कर्तव्यपरायणता के साथ अपनी सेवाएँ देते रहेंगे तथा विभागीय दायित्वों के सफल क्रियान्वयन में हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे।

बैठक के दौरान जिला महासचिव अनिल बिष्ट ने संगठन की ओर से एनएचएम कार्मिकों से जुड़ी विभिन्न लंबित समस्याओं एवं मांगों की ओर भी मुख्य चिकित्सा अधिकारी महोदय का ध्यान आकृष्ट कराया गया। पदाधिकारियों ने अपेक्षा व्यक्त की कि कार्मिकों के हितों से जुड़े विषयों पर संवेदनशील एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए चरणबद्ध तरीके से उनका समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे कर्मचारियों का मनोबल सुदृढ़ होगा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी और अधिक सुधार आएगा।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष राम संजीवन नौटियाल द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संगठन के वैधानिक पंजीकरण से संबंधित ज्ञापन भी मुख्य चिकित्सा अधिकारी महोदय को सौंपा गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने संगठन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं जनकेंद्रित बनाने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का समन्वित प्रयास आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आपसी संवाद, सहयोग एवं सकारात्मक कार्यसंस्कृति के माध्यम से जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *