*उत्तरकाशी : प्रमुख अधीक्षक ने कार्यभार ग्रहण करते ही जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने पर दिया जोर*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 
*उत्तरकाशी*

जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में नवनियुक्त प्रमुख अधीक्षक डॉ. बी. एस. रावत ने कार्यभार ग्रहण करते ही अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुचारु, प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में सक्रिय पहल करते हुए अस्पताल परिसर का विस्तृत निरीक्षण एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. रावत ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, आपातकालीन कक्ष, ओपीडी, प्रयोगशाला, औषधि वितरण केंद्र, प्रसूति एवं शिशु वार्ड, आईसीयू सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों का भ्रमण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मियों से संवाद कर अस्पताल की वर्तमान कार्यप्रणाली, संसाधनों तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से भी बातचीत कर उपचार, दवा उपलब्धता, स्वच्छता, व्यवहार एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार सुनिश्चित किया जाए तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाएं।

डॉ. रावत ने अस्पताल परिसर में स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, दवा उपलब्धता, उपकरणों की कार्यशीलता तथा मरीजों की सुविधा से जुड़े सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी को आमजन की अपेक्षाओं के अनुरूप उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने वाला संस्थान बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

उन्होंने कहा कि अस्पताल की प्रत्येक इकाई टीम भावना के साथ कार्य करेगी और मरीजों को बेहतर, सुरक्षित एवं पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करें। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल में अनुशासन, समयपालन, स्वच्छता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी, ताकि प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी दिए गए तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए। उन्होंने आश्वस्त किया कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। स्वास्थ्य सेवा पर्व पर रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को रक्तदान के पश्चात प्रमुख अधीक्षक जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी डॉक्टर बी एस रावत द्वारा सम्मान पत्र देकर सम्मानित कर एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गई हैं और आम जनमानस को अधिक से अधिक स्वैच्छिक रक्तदान करने के लिए अपील की गई है।

अस्पताल प्रशासन एवं कर्मचारियों ने प्रमुख अधीक्षक का स्वागत करते हुए उन्हें पूर्ण सहयोग का विश्वास दिलाया तथा जनहित में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *